रियाज़

मेरी सारी कमियों को नज़रअंदाज़ किया जाए एक नई सी कहानी का आग़ाज़ किया जाए 

सुर सारे बेसुरे लगने लगे हैं चलो फिर से जीने का रियाज़ किया जाए 

ख़ामोशी की भी अपनी ज़ुबाँ है जानिबज़रूरी नहीं हर लफ़्ज़ को आवाज़ किया जाए 

सब की हाँ में हाँ भरने लगा हूँ अब वक़्त आ गया अपना इलाज किया जाये 

चाय 

मद्धम आँच पर धीमे धीमे  

सहमे सकुचे कर नयन नयन 

तुम जब पर परवाज़ पकड़ती हो… 

अदरक के टुकड़े बाँच बाँच

चीनी के मीठे काँच काँच

तुम अधरों पे जब धरती हो… 

किसी श्वेत झील के झरने में 

जब श्याम रंग को त्याग त्याग 

तुम कत्थई रंग पकड़ती हो… 

सब घोल वोल के हृदय विकार 

और छान के सारे कपट वपट्

प्याले में रपट उतरती हो…

हृदयहारिता सी तुम लगती हो 

मुझे कविता सी तुम लगती हो ।।

धूप

इमारतें बड़ी हो गई है इर्द गिर्द 

अब मेरे मकान पे धूप नहीं गिरती 

ड्योढ़ी की दरारों पे उग आये है स्याह साये

हाथों से पंखा झलती अब हवा नहीं फिरती 

फ़्लाइओवर है, पुल है, हैं चौड़ी चौड़ी सड़कें 

घर तक ले जाए हमें जो वो राह नहीं मिलती 

ये फ़ाख्ते, कबूतर क्यों चुनते हैं तिनके दिन भर 

आँधियों से तो किसी को पनाह नहीं मिलती 

ख़ुद को में

कोई सूरत थी जो नज़र नहीं आती थी 

ताउम्र निहारता रहा ख़ुद को में 

जाने किस मंज़िल का मुंतज़िर रहा 

रस्तों में तलाशता रहा ख़ुद को मैं 

हर शख़्स में बुराई दिखाईं देती रही 

हर किसी में तराशता रहा ख़ुद को मैं

फ़रिश्ते

काग़ज़ की नाव है 

पत्थर के फ़रिश्ते हैं 

हम बिकाऊ तो नहीं हैं पर 

हर मोड़ पर हम बिकते हैं 

जहां दरारें ना भरी जाएँ यकलख़्त

वो रिश्ते कहाँ टिकते हैं 

वहाँ तदबीर टूट जाती हैं 

जहां तासीर हम लिखते हैं 

राम आयेंगे

टलेगा जब बनवास राम आयेंगे
जब छूटेगी सब आस राम आयेंगे

सागर का कंठ सुखाने को
पतितों को हृदय लगाने को
जब शबरी सी हो आस राम आयेंगे

कीचड़ में कमल खिलाने को
नैया को पार लगाने को
केवट सा हो विश्वास राम आयेंगे

छल कपट द्वेष और अहंकार के आँगन में
जहां सत्य हो करता वास राम आयेंगे

ग़ज़ल

तोल नाप के ग़ज़ल नहीं कहता

समा भाँप के ग़ज़ल नहीं कहता

लय में कहनी की है कोशिश मगर 

मैं मीटर नाप के ग़ज़ल नहीं कहता 

आप हैं बड़े शायर, लफ़्ज़ बड़े मुश्किल कहते हैं 

आप ठीक ही कहतें है मैं ग़ज़ल नहीं कहता 

शुक्रवार

एक और दिन की है बात भैया 

चलो सुर से छेड़ें साज़ भैया 

उँगलियाँ कीबोर्ड पे पटक पटक

मैनेजर भेजे काज भैया 

बातें दे घुमा घुमा, कर भ्रमण भ्रमण

तरक़्क़ी के हैं ये राज़ भैया 

रहीमन बैठे मीटिंग में 

निकले ना हमरी आवाज़ भैया 

शुक्रवार सुमधुर कोयल सा 

सोमवार पे बैठा है बाज़ भैया 

तलाश

महफ़िलें रोशन हैं शहर भर

दिलों में है तहख़ाने अब भी

संभलना फ़ितरत नहीं मेरी पर 

लोग आये हैं मुझे बहकाने अब भी

मैं वो दरिया हूँ जो प्यासा भी है 

मेरी तलाश में है वीराने अब भी 

नींद में भी एक खटका सा रहता है

एक ग़ज़ल रहती है मेरे सिरहाने अब भी 

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)